कोरबा (आदिनिवासी)। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में नागरिकों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने दूरस्थ ग्रामीण अंचलों और शहर से आए लोगों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों और मांगों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित इस जनदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और क्रमवार अपने आवेदन प्रस्तुत किए। जनदर्शन में कुल 130 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें बिजली बिल सुधार, पेयजल आपूर्ति, सीमांकन, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, आरबीसी 6-4 के तहत राहत राशि, मुआवजा वितरण, नक्शा दुरुस्ती तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि भुगतान सहित अन्य विभिन्न विषयों से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं।
कलेक्टर श्री दुदावत ने प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को जल्द से जल्द राहत और समाधान मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनदर्शन केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं, बल्कि समस्याओं के प्रभावी समाधान की प्रक्रिया को तेज करने का माध्यम है।

बिजली बिल सुधार के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश
जनदर्शन के दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए ग्रामीणों ने बिजली बिल में त्रुटियों और अधिक बिलिंग से संबंधित समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। इस पर कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को राज्य शासन की नई गाइडलाइन के अनुसार व्यापक स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त कर उनकी जांच की जाएगी और पात्र उपभोक्ताओं को बिजली बिल में सुधार की प्रक्रिया के तहत त्वरित राहत प्रदान की जाएगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, शिविरों का स्पष्ट शेड्यूल निर्धारित किया जाए और इसकी जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
पेयजल समस्या पर भी दिए आवश्यक निर्देश
जनदर्शन में कई ग्रामीण क्षेत्रों से पेयजल संकट की शिकायतें भी सामने आईं। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या है, वहां नियमित और सुचारू जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि समस्या वाले क्षेत्रों की निगरानी कर स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं।
इस अवसर पर विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरुण कुमार किरण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनदर्शन के माध्यम से प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई करने की पहल को लोगों ने सकारात्मक कदम बताया है। प्रशासन का मानना है कि इस तरह की पहल से शासन और जनता के बीच संवाद मजबूत होता है तथा समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी तरीके से संभव हो पाता है।




