शनिवार, अप्रैल 19, 2025

स्मृति उद्यान चौपाटी शिफ्टिंग: कोरबा की यातायात व्यवस्था में होगा सुधार!

Must Read

कोरबा (आदिनिवासी)| कलेक्टर अजीत वसंत ने शहर के विकास कार्यों का जायजा लेते हुए घंटाघर ओपन थियेटर के समीप स्थित स्मृति उद्यान के पीछे बनी चौपाटी का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

कलेक्टर ने चौपाटी में पूर्व में हुए निर्माण कार्यों की मरम्मत, पेवर ब्लॉक और ड्रेनेज निर्माण के साथ पानी और बिजली की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चौपाटी की साफ-सफाई और व्यवस्थित प्रबंधन पर भी जोर दिया।

कलेक्टर वसंत ने अधिकारियों को कहा कि चौपाटी संघ के पदाधिकारियों और अध्यक्ष से चर्चा कर ठेले-गुमटी को स्मृति उद्यान के पीछे स्थानांतरित करने की योजना तैयार करें। शिफ्टिंग के बाद चौपाटी को अधिक विकसित और सुविधायुक्त बनाने की योजना पर काम शुरू किया जाए।

रपटा निर्माण से ट्रैफिक समस्या का होगा समाधान
इसके साथ ही, कलेक्टर श्री वसंत ने कोरबा पुरानी बस्ती से सीधे सर्वमंगला मंदिर तक रपटा निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा कोरबा प्रवास के दौरान हसदेव नदी पर रपटा निर्माण की घोषणा की गई थी। इस घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए प्रशासनिक प्रक्रिया तेज की जा रही है।

कलेक्टर ने कहा कि रपटा निर्माण से पुराने कोरबा शहर से सर्वमंगला मंदिर और कुसमुंडा के लिए एक शॉर्ट-कट मार्ग सुलभ होगा। इससे नागरिकों को समय की बचत होगी और यातायात व्यवस्था पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। रेलवे फाटक बंद होने की स्थिति में पुरानी बस्ती के नागरिकों को जो परेशानी होती थी, वह अब समाप्त हो जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता एम.के. वर्मा, जोन कमिश्नर ए.के. शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

शहर के इन विकास कार्यों से न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा बल्कि नागरिकों को आधुनिक और व्यवस्थित सुविधाएं भी मिलेंगी। कोरबा के विकास में यह कदम मील का पत्थर साबित हो सकता है।

- Advertisement -
  • nimble technology
Latest News

लोकतंत्र पर हमला: सेंसरशिप, दमन और विरोध की आवाज़ें दबाने की भाजपा सरकार की रणनीति

लोकतंत्र का गला घोंटने पर आमादा भाजपा सरकारें भारत को दुनिया के लोकतंत्र की माँ बताते हुए, असहमतियों का सम्मान...

More Articles Like This