कोरबा/दीपका (आदिनिवासी)। संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास की जयंती के पावन अवसर पर दीपका नगर में रविवार को एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। अखिल भारतीय सतनामी समाज गेवरा-दीपका समिति के तत्वाधान में आयोजित इस यात्रा में श्वेत ध्वज लहराते हुए हजारों श्रद्धालुओं ने ‘सतनाम’ के जयघोष के साथ पूरे नगर को सतनाम पंथ की शिक्षाओं से सराबोर कर दिया।

यह शोभायात्रा दीपका नगर की विभिन्न कॉलोनियों और वार्डों से होकर गुजरी। यात्रा का मुख्य उद्देश्य बाबा गुरु घासीदास द्वारा दिखाए गए ‘मनखे-मनखे एक समान’ तथा सत्य-अहिंसा के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना था। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का पुष्प वर्षा और जयकारों के साथ स्वागत किया।

अखिल भारतीय सतनामी समाज गेवरा-दीपका समिति के अध्यक्ष बरत खूंटे एवं सचिव शिव बंजारे ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी बाबा जी की जयंती पर यह भव्य आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा, “इस शोभायात्रा के माध्यम से हम समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और सतनाम पंथ की शिक्षाओं का प्रसार कर रहे हैं। बाबा जी का संदेश समानता और सत्य का है, जो आज के समय में और भी प्रासंगिक हो गया है।”

इस विशाल आयोजन में सतनाम पंथ के अनुयायियों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भागीदारी की। पारंपरिक गीतों, पंथी नृत्य और श्वेत परिधान में सजे श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महिलाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर इस आयोजन में हिस्सा लिया।
समिति के पदाधिकारियों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी वार्डवासियों, समाज के लोगों और प्रशासन का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास की शिक्षाएं समाज में समरसता और भाईचारे का संदेश देती हैं, जिसे जन-जन तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है।




