संविधान रहेगा तो हम सभी रहेंगे, संविधान से ही देष चल रहा है- श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन
कोरबा (आदिनिवासी)। भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर आज राज्य शासन के निर्देशानुसार सामाजिक समरसता दिवस का आयोजन कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, श्रम एवं वाणिज्य मंत्री श्री लखन लाल देवांगन उपस्थित हुए। उन्होंने सभी को संविधान की उद्देशिका का पाठ कराया और संविधान की रक्षा का संकल्प दिलाया।
मंत्री श्री देवांगन ने डॉ. आंबेडकर की जयंती पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि यह दिन गर्व और सम्मान का दिन है। उन्होंने कहा, “डॉ. आंबेडकर ने देश का संविधान बनाया, जिसके आधार पर आज पूरा देश चल रहा है। भारत का संविधान विश्व का सबसे बड़ा और महान संविधान है। यही हमारी रक्षा करता है और हमें प्रगति के अवसर देता है। संविधान रहेगा तो हम रहेंगे।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने वर्चुअली जुड़कर लोगों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रता नियमों को शिथिल करने की घोषणा की, जिससे अधिक लोगों को लाभ मिलेगा।
संविधान और डॉ. आंबेडकर के आदर्शों पर चलने का आह्वान
श्रम मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि डॉ. आंबेडकर का जीवन संघर्ष और सफलता की मिसाल है। उन्होंने कहा, “संविधान के कारण ही बड़े उद्योग, सरकारी कार्यालय और प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। आज हम सभी को उनके आदर्शों पर चलकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना चाहिए।”
इस मौके पर पाँच ग्राम पंचायतों (करमंदी, जामबहार, बेला, गोढ़ी और केरा कछार) को “अटल पंचायत डिजिटल सुविधा केंद्र” के लिए एमओ्यू प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों का सम्मान
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्ग के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को शॉल व श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। जिनमें श्री यूआर महिलांगे, आरडी भारद्वाज, जय कुमार लहरे, वेद राम चंद्राकर, संत दास दिवाकर, बसंत राम टंडन, मनीराम जांगड़े, बबलू डहरिया, सरजू अजय, चैतराम बघेल, अनंत कुमार, मनोज सिंह भारिया, रमेश सिरका, निर्मल सिंह राज, राजेश्वर तानु, नरेश टंडन शामिल थे।
इसके अलावा, पंचायत एंबेसडर आवास साथी उरगा के जनार्दन, कुकरी चोली की दीप्ति कंवर, रजगामार की सुमीत वर्मा, सेमी पाली के हरीश साहू और कुरूडीह के सम्मे कश्यप को भी सम्मानित किया गया।
कलेक्टर ने दिया संविधान के महत्व पर जोर
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि संविधान ही हमारी पहचान और सुरक्षा का आधार है। उन्होंने कहा, “हमें डॉ. आंबेडकर के संघर्ष से प्रेरणा लेकर शिक्षा, संगठन और लोकतंत्र को मजबूत करना चाहिए। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुँचाना हमारा दायित्व है।”
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल ने भी डॉ. आंबेडकर के योगदान को याद किया और सभी को जयंती की बधाई दी।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने डॉ. आंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण किया। इस दौरान सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर मनोज कुमार बंजारे, एसडीएम सरोज कुमार महिलांगे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।